उत्तराखंड

Haridwar: वाहन चोरी गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
22 Jun 2026 3:59 PM IST
Haridwar: वाहन चोरी गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार
x
दो आरोपियों की गिरफ्तारी से बाइक चोरी के मामलों का खुलासा

हरिद्वार: पथरी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 21 जून को थाना पथरी में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चोरी गई मोटरसाइकिलों की शीघ्र बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुपालन में पथरी पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहन अध्ययन किया। साथ ही मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से संदिग्धों पर निगरानी रखी गई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घुण्टी चौक जाने वाले मार्ग पर दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस अब बरामद वाहनों के स्वामित्व और अन्य संभावित मामलों की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुधांशु पुत्र पवन तथा मनीत पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी के मामलों में शामिल अन्य संदिग्धों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Next Story