उत्तराखंड

Haridwar: जनसुनवाई में अधिकारियों ने सुनीं 38 शिकायतें

Admindelhi1
14 Sept 2026 2:50 PM IST
Haridwar: जनसुनवाई में अधिकारियों ने सुनीं 38 शिकायतें
x
38 शिकायतों पर सुनवाई, 18 का निस्तारण

हरिद्वार: जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 38 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित कई समस्याएं सामने आईं। नवोदय नगर गणेश इंक्लेव गली नंबर-6 के निवासियों ने पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई नाली को कवर कराने की मांग की। उनका कहना था कि नाली खुली होने के कारण वाहनों को घर तक ले जाने में परेशानी हो रही है। देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने मिलन केंद्र एवं शहीद स्मारक से संबंधित मांग रखी।

इसके अलावा सरबतिया ने अपने दिवंगत पिता की अचल संपत्ति में नाम दर्ज कराने, ज्ञानलोक कॉलोनी गली नंबर-10 के निवासियों ने गंदे पानी की निकासी की समस्या का समाधान कराने तथा दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया ने हरिद्वार स्थित बौद्ध विहार के पुनर्निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।

रुड़की के कृष्णा नगर गली नंबर-16 के निवासियों ने सड़क और नाली का लेवल अधिक ऊंचा बनाए जाने से संभावित जलभराव की समस्या उठाई। वेदपाल ने गंगाजी के खसरा नंबर 443/12 की भूमि से अवैध कब्जा हटाने तथा हरेंद्र सिंह ने ग्राम मजाहिंदपुर सतीवाला में नदी के कटाव को रोकने के लिए जल्द तटबंध निर्माण की मांग की।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र, समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

सीएम हेल्पलाइन की 274 शिकायतें लंबित

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 216 और एल-2 स्तर पर 58 शिकायतें लंबित पाई गईं। सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, उप मुख्य नगर अधिकारी एमके यादव, एलडीएम दिनेश गुप्ता, परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Next Story