उत्तराखंड

Haridwar: गुलदार की चहलकदमी से बिल्केश्वर में दहशत, कॉलोनी तक पहुंचा शिकारी जानवर

Admindelhi1
1 Sept 2026 5:21 PM IST
Haridwar: गुलदार की चहलकदमी से बिल्केश्वर में दहशत, कॉलोनी तक पहुंचा शिकारी जानवर
x
गुलदार के फिर दिखने से बिल्केश्वर में दहशत, कॉलोनी के पास घूमता आया नजर

हरिद्वार: बिल्केश्वर मंदिर के आसपास एक बार फिर गुलदार की चहलकदमी रिकॉर्ड होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि गुलदार शिकार की तलाश में इलाके में इधर-उधर घूमता दिखाई दिया। जंगल से सटे इस क्षेत्र में गुलदार का आना कोई नई बात नहीं है, लेकिन आसपास रिहायशी कॉलोनी होने के कारण लोगों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिल्केश्वर क्षेत्र में अक्सर गुलदार कुत्तों के शिकार की तलाश में पहुंचते हैं। इसके अलावा हाथी, बारहसिंगा और हिरन जैसे वन्यजीवों की आवाजाही भी यहां आम है। जंगल और कॉलोनी के बीच लोगों की लगातार आवाजाही होने के कारण गुलदार की मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों में डर बना हुआ है।

वन विभाग की टीम अलर्ट

रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि बिल्केश्वर क्षेत्र जंगल से सटा होने के कारण यहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। गुलदार की गतिविधियों पर वन विभाग लगातार नजर रख रहा है और टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर निकलने से बचें। यदि किसी व्यक्ति को गुलदार या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देता है तो उसके करीब जाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें। जंगल के करीब बसी आबादी में गुलदार की दस्तक ने एक बार फिर वन्यजीव और इंसानी बस्ती के बीच बढ़ते संपर्क को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Next Story