उत्तराखंड

Haridwar: कांग्रेस छोड़ बसपा में पहुंचे इरशाद, सियासी समीकरण बदलने के संकेत

Admindelhi1
13 July 2026 2:06 PM IST
Haridwar: कांग्रेस छोड़ बसपा में पहुंचे इरशाद, सियासी समीकरण बदलने के संकेत
x
हरिद्वार ग्रामीण में बसपा को मिली मजबूती, इरशाद हुए शामिल

हरिद्वार: हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा की राजनीति में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। रविवार देर शाम ग्राम नसीरपुर कला में आयोजित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सदस्यता सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इरशाद अली ने करीब 50 वर्षों का कांग्रेस से नाता तोड़कर बसपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने उन्हें विधिवत सदस्यता दिलाई।

लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े रहे इरशाद अली के बसपा में शामिल होने से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण बदलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। बसपा प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर और सर्व समाज के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने दावा किया कि बसपा समाज को जोड़ने और सम्मान की राजनीति करती है तथा इरशाद अली के आने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। सदस्यता ग्रहण करने के बाद इरशाद अली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने करीब 50 वर्षों तक पार्टी में एक कार्यकर्ता के रूप में काम किया, लेकिन उन्हें और मुस्लिम समाज को उचित सम्मान नहीं मिला।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस परिवारवाद तक सीमित हो गई है और समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जाती है। इसी कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बसपा की विचारधारा अपनाने का निर्णय लिया।

इरशाद अली ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत थी और किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनता की सेवा करेंगे।

कार्यक्रम में बसपा प्रदेश महासचिव नाथीराम, जिला अध्यक्ष मदनपाल, उपाध्यक्ष राव अखलाक, विकास पवार, विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

Next Story