उत्तराखंड

Haridwar: कुंभ को लेकर बस अड्डे में सुधार कार्य शुरू

Admindelhi1
16 May 2026 8:35 AM IST
Haridwar: कुंभ को लेकर बस अड्डे में सुधार कार्य शुरू
x
कुंभ-2027 के लिए तैयारियां तेज

हरिद्वार: कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु हितैषी बनाने की दिशा में मेला प्रशासन ने हरिद्वार के प्रमुख परिवहन केंद्रों के सुदृढ़ीकरण की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को हरिद्वार स्थित बस स्टेशन, उससे जुड़े मार्गों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं व प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बस स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए परिवहन निगम को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था विकसित करने, यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा आकस्मिक परिस्थितियों में निकासी योजना के तहत वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश भी दिए।

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार बस अड्डे की आधारभूत संरचना को मजबूत करना और यात्री सुविधाओं का विस्तार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बस स्टेशन के सुदृढ़ीकरण एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए कुंभ मेला मद से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान बस स्टेशन परिसर में स्वच्छता, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सूचना प्रणाली और यात्री आवागमन को अधिक सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बस अड्डे के आसपास से अतिक्रमण हटाने तथा यात्रियों के सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए अलग से गेट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

बस स्टेशन से सटी नगर निगम की भूमि का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने कहा कि यहां बड़े स्तर पर होल्डिंग एरिया और जनसुविधा केंद्र विकसित किए जा सकते हैं। रेलवे स्टेशन के निकट होने के कारण यह क्षेत्र कुंभ मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आकस्मिक निकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बस स्टेशन से तुलसी चौक की ओर वैकल्पिक निकासी मार्ग विकसित करने की संभावनाओं का तकनीकी परीक्षण कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा शिवमूर्ति चौक, तुलसी चौक और मायापुर रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर ट्रैफिक प्रबंधन की समग्र योजना तैयार करने तथा पार्किंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह, कुंभ नोडल अधिकारी सुरेश सिंह चौहान तथा सहायक महाप्रबंधक विशाल चंद्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story