
हरिद्वार: जनपद हरिद्वार में संयुक्त अरब अमीरात से फातेमा अलमुल्ला, शथा अलअयदारूस एवं क्रिस्टोफर हैमेल, जो इंटरनेशनल अफेयर्स ऑफिस एट द प्रेसिडेंशियल कोर्ट ऑफ यूएई से संबद्ध हैं, सहित मीरा मिश्रा, कंट्री कोऑर्डिनेटर, आईएफएडी की टीम द्वारा विकासखंड रुड़की के अंतर्गत ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग से संचालित हिलांस बेकरी यूनिट तथा विकासखंड बहादराबाद के अंतर्गत सरस विपणन केन्द्र में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत स्थापित वेस्ट फ्लावर मैनेजमेंट यूनिट का भौतिक भ्रमण किया। यह भ्रमण मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की उपस्थिति में हुआ।
भ्रमण के दौरान आईएफएडी टीम द्वारा दोनों इकाइयों की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया, विपणन व्यवस्था तथा परियोजना के माध्यम से ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। टीम द्वारा उद्यम इकाइयों का अवलोकन कर अत्यंत प्रशंसा व्यक्त की गई। साथ ही महिला उद्यमियों से संवाद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई तथा उनसे बातचीत कर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की गई। इस दौरान महिला उद्यमियों ने अपने जीवन में आए आर्थिक एवं सामाजिक परिवर्तनों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जनपद हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, डेप्यूटी डायरेक्टर महेंद्र सिंह यादव, एमसीएफ टीम से अनमोल जैन, जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना, समस्त सहायक प्रबंधकगण, विकासखंड स्तरीय रीप एवं एनआरएलएम स्टाफ, सीएलएफ स्टाफ एवं सीएलएफ की पदाधिकारी उपस्थित रहीं। यह भ्रमण ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत संचालित नवाचार आधारित ग्रामीण उद्यमों की प्रगति एवं प्रभाव का अवलोकन करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।





