Haridwar: हरिद्वार कांवड़ मेला शुरू, करोड़ों शिवभक्तों के आने की संभावना

हरिद्वार: श्रावण मास के प्रारंभ के साथ धर्मनगरी हरिद्वार में गुरुवार से विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेले-2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया। पहले ही दिन बड़ी संख्या में शिवभक्त बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ हरकी पैड़ी से गंगाजल भरकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए।
इस वर्ष मेले में करीब 5 करोड़ कांवड़ियों के पहुंचने का अनुमान है, जिसके मद्देनजर शासन-प्रशासन ने सुरक्षा व सुविधाओं की व्यवस्था की है।
पूरे कांवड़ मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 6 हजापर पुलिसकर्मी, 13 कंपनी अर्धसैनिक बल, पीएसी, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) लगातार निगरानी और चेकिंग में जुटे हैं।
मेले के मद्देनजर कांवड़ पटरी मार्ग को सुचारु कर दिया गया है। फिलहाल पैदल कांवड़ियों का आवागमन शुरू हो गया है, जबकि महाशिवरात्रि नजदीक आने पर डाक कांवड़ का दबाव बढ़ेगा। लाखों वाहनों की आवाजाही को देखते हुए अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं और विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
कांवड़ मेले को देखते हुए 30 जुलाई से 11 अगस्त तक हरिद्वार जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक पोस्ट पर रोक लगाने के लिए साइबर कमांडो और साइबर सेल की विशेष टीम 24 घंटे निगरानी करेगी। आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। जुगाड़ वाहनों, रेट्रो साइलेंसर, हथियारनुमा वस्तुओं तथा नशे की हालत में यात्रा पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पैदल कांवड़ की ऊंचाई 6 फीट और झांकी की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी। प्रत्येक श्रद्धालु के लिए वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य किया गया है।
रेलवे ने भी कांवड़ मेले के लिए विशेष व्यवस्था की है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मेले के दौरान तीन अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनों सहित कुल पांच विशेष रेल सेवाएं संचालित की जाएंगी। दिल्ली-शामली डीएमयू और दिल्ली-सहारनपुर मेमू ट्रेनों का हरिद्वार तक विस्तार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिल सके।





