उत्तराखंड

Haridwar: सनातन संस्कृति का वैश्विक सम्मान, निरंजन स्वामी को लंदन में ‘ग्लोबल पीस अवॉर्ड’

Admindelhi1
18 Aug 2026 7:14 PM IST
Haridwar: सनातन संस्कृति का वैश्विक सम्मान, निरंजन स्वामी को लंदन में ‘ग्लोबल पीस अवॉर्ड’
x
वैश्विक मंच पर सनातन संस्कृति का सम्मान, निरंजन स्वामी को मिला ‘ग्लोबल पीस अवॉर्ड’

हरिद्वार: सनातन धर्म-संस्कृति के संवाहक एवं महामनीषी निरंजन स्वामी महाराज को यूके के लंदन में आयोजित प्रतिष्ठित संत संसद में संतों एवं विद्वानों की उपस्थिति में ‘ग्लोबल पीस अवॉर्ड’ (वैश्विक शांति पुरस्कार) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा विश्वभर में सनातन चेतना, आध्यात्मिक मूल्यों, विश्व शांति और सौहार्द का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रदान किया गया।

निरंजन स्वामी निरंतर विश्व भ्रमण कर ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उनके अंतरराष्ट्रीय प्रवास के दौरान मिला यह सम्मान भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के वैश्विक प्रभाव का प्रतीक माना जा रहा है। उनके अनुयायियों और जनमानस में उन्हें अब ‘ग्लोबल बाबा’ के नाम से भी संबोधित किया जा रहा है।

लगभग एक माह से जारी अंतरराष्ट्रीय प्रवास के दौरान प्राप्त इस सम्मान को निरंजन स्वामी महाराज के तप, सेवा और लोक-कल्याण के संकल्प की उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, यह भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों की वैश्विक स्वीकार्यता को भी दर्शाता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद निरंजन स्वामी महाराज ने कहा कि संतों का जीवन धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित रहता है। संतों ने सदैव समाज और राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वह जीवन पर्यंत सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के उत्थान तथा विश्व शांति के लिए प्रयासरत रहेंगे।

निरंजन स्वामी को मिले इस वैश्विक सम्मान से हरिद्वार के संत समाज में भी हर्ष का माहौल है। संतों एवं श्रद्धालुओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और निरंतर लोक-कल्याण के कार्यों के लिए मंगलकामना की।

Next Story