उत्तराखंड

Haridwar: कांवड़ मेले की सकुशल सफलता को लेकर गंगा पूजन, महादेव का जलाभिषेक

Admindelhi1
11 Aug 2026 4:46 PM IST
Haridwar: कांवड़ मेले की सकुशल सफलता को लेकर गंगा पूजन, महादेव का जलाभिषेक
x
डीएम-एसएसपी ने गंगा पूजन कर कांवड़ मेले की सफलता की कामना की

हरिद्वार: कांवड़ मेले के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकी पैड़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेले में अभी कुछ घंटे शेष हैं, इसलिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। उन्होंने बताया कि इस बार कांवड़ियों की भीड़ का आंकड़ा चार करोड़ 80 लाख तक पहुंच सकता है।

एसएसपी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के बावजूद मेले को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संचालित करना सभी के सहयोग और बेहतर रणनीति का परिणाम है। पुलिस, प्रशासन, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने जिस तरह समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाई, उसी का नतीजा है कि मेला अब तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है।

उन्होंने कहा कि अंतिम समय तक सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस और प्रशासन की टीमें मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं। वहीं, जिलाधिकारी ने भी कांवड़ मेले में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। अधिकारियों ने भगवान शिव से प्रदेश और हरिद्वार में सुख-शांति की कामना की।

Next Story