Haridwar: मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी

हरिद्वार: मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत न्याय पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर क्षेत्र के 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की खेल प्रतिभाओं की पहचान अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 14 जुलाई को बालकों तथा 15 जुलाई को बालिकाओं के बैटरी टेस्ट एमजेएन पब्लिक स्कूल, सुल्तानपुर के खेल मैदान में आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में शनिवार को शिक्षाराज इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर में प्रधानाचार्य डॉ. दीपक शर्मा कीI अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि खिलाड़ियों का चयन वैज्ञानिक बैटरी टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। इसमें 30 मीटर फ्लाइंग रन, 600 मीटर दौड़, 6 गुणा 10 शटल रन, फॉरवर्ड बेंड एंड रीच, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप और मेडिसिन बॉल थ्रो जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।
इस अवसर पर शिक्षाराज इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने बताया कि न्याय पंचायत के 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।
बैठक में वी.आर.सी. अंसार अहमद, नीरज राम पार्की, अनवार अहमद, इसरार अहमद, प्रदीप कुमार, अखलाख अहमद, जहांगीर आलम, मजर हसन, प्यारदत्त, दिनेश डोगरा, हिरदेश कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं खेल प्रभारी उपस्थित रहे।





