उत्तराखंड

Haridwar: कांवड़ यात्रा में पर्यावरण की पहल, चार ग्रीन चौकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

Admindelhi1
3 Aug 2026 2:49 PM IST
Haridwar: कांवड़ यात्रा में पर्यावरण की पहल, चार ग्रीन चौकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
x
कांवड़ यात्रा में पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बनीं हरिद्वार की ग्रीन चौकियां

हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार ने एक अनूठी पहल की है। कांवड़ मार्ग पर चार ग्रीन चौकी स्थापित कर श्रद्धालुओं को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही प्लास्टिक के स्थान पर निःशुल्क कम्पोस्टेबल ग्रीन बैग वितरित किए जा रहे हैं।

नगर निगम द्वारा पुल जटवाड़ा, कांवड़ पटरी प्रेमनगर, ऋषिकुल और सीसीआर चौक पर संचालित इन ग्रीन चौकियों में स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं से सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र कर उसके बदले पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन बैग उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही उन्हें यह भी बताया जा रहा है कि प्लास्टिक का उपयोग गंगा, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए कितना हानिकारक है।

नगर निगम का कहना है कि यह पहल केवल प्लास्टिक बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रीन चौकियों को पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां श्रद्धालुओं को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्लास्टिक के विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रा अधिक स्वच्छ और हरित बन सके।

इस अभियान से जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा गया है। कृष्णा नगर वार्ड के पार्षद परमिंदर सिंह गिल ने ग्रीन चौकी का निरीक्षण कर नगर निगम की इस पहल की सराहना की और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय कदम बताया। नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार सहित नगर निगम की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

नगर निगम हरिद्वार को विश्वास है कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान यह अभियान न केवल सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करेगा, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं तक पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश भी पहुंचाएगा।

Next Story