उत्तराखंड

Haridwar: कांवड़ मेला से पहले सड़क सुधार और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर

Admindelhi1
29 May 2026 5:02 PM IST
Haridwar: कांवड़ मेला से पहले सड़क सुधार और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
x
कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर

हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उनके अधीन आने वाली सभी सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले से पूर्व सभी पेचवर्क और मरम्मत कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग करने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की, हरिद्वार और नजीबाबाद से जुड़े अधिकारियों के साथ-साथ लोनिवि अधिकारियों को कहा कि जिन सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं और पेचवर्क की आवश्यकता है, वहां युद्धस्तर पर कार्य किया जाए। उन्होंने एनएचआई और लोनिवि अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन आने वाली सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा जनवरी से अप्रैल 2026 तक बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3667 लोगों के चालान किए गए। इसके अलावा ओवरलोडिंग के 301, ओवरस्पीड के 2012, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वाले 99, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले 352 तथा मालवाहक वाहनों में यात्री बैठाने वाले 87 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वहीं पुलिस विभाग ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 8429, नशे में वाहन चलाने वाले 367, ओवरस्पीड में वाहन चलाने वाले 4666, ओवरलोडिंग करने वाले 304, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले 270, वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग करने वाले 612, मालवाहक वाहनों में यात्री बैठाने वाले 164 तथा रेड लाइट जंप करने वाले 189 वाहन चालकों के चालान किए गए।

बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी के सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विपुल सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, निखिल शर्मा तथा प्रशासनिक अधिकारी जितेन्द्र चन्द सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story