उत्तराखंड

Haridwar: धार्मिक और पर्यटन स्थलों के कायाकल्प पर जोर, सुविधाएं होंगी बेहतर

Admindelhi1
25 Aug 2026 4:12 PM IST
Haridwar: धार्मिक और पर्यटन स्थलों के कायाकल्प पर जोर, सुविधाएं होंगी बेहतर
x
धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को जिला पर्यटन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय परिसर में संचालित चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, रखरखाव और सूचना पट्टों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने तथा यात्रियों और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल से पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं, पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक और सुविधायुक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाए।

उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना, होम स्टे योजना समेत अन्य योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्थानीय युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की प्रमुख आस्था एवं पर्यटन नगरी है। ऐसे में पर्यटन स्थलों का विकास और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Next Story