उत्तराखंड

Haridwar: आग लगने से ई-रिक्शा शोरूम में भारी नुकसान

Admindelhi1
23 Jun 2026 3:45 PM IST
Haridwar: आग लगने से ई-रिक्शा शोरूम में भारी नुकसान
x
शोरूम में आग लगते ही मची अफरा-तफरी

हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार के मुखिया गली स्थित श्रीराम मंदिर के सामने सोमवार देर रात एक ई-रिक्शा शोरूम में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से शोरूम में खड़े कई ई-रिक्शा और अन्य सामान जलकर राख हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात बंद दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकान के बाहर खड़े वाहनों को भी सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) वंश बहादुर यादव ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ई-रिक्शा और अन्य सामान जलने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

Next Story