उत्तराखंड

Haridwar: डीएम ने दिए निर्देश, मतदाता सूची पुनरीक्षण में एईआरओ बरतें पूरी जिम्मेदारी

Admindelhi1
29 Jun 2026 3:41 PM IST
Haridwar: डीएम ने दिए निर्देश, मतदाता सूची पुनरीक्षण में एईआरओ बरतें पूरी जिम्मेदारी
x
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर डीएम का जोर, एईआरओ को जिम्मेदारी से काम करने की सलाह

हरिद्वार: जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में सभी विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण, संकलन और उनका डिजिटलीकरण पूरी तत्परता से कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी एईआरओ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन भी सुनिश्चित करें।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी एईआरओ को गहन परीक्षण एवं सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चंद, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सहायक निदेशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story