राज्य स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों के सम्मान में सजा हरिद्वार

हरिद्वार: उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद हरिद्वार में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया, जबकि विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
समारोह में गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। बीते 26 वर्षों में प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर काम कर रही है।
यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में अव्वल
प्रभारी मंत्री ने जनपद की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। हरिद्वार में अब तक एक लाख से अधिक यूसीसी पंजीकरण हो चुके हैं और इस मामले में जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। नीति आयोग की जुलाई 2022 की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में पहला स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत जिले में 71 बहुउद्देशीय शिविर लगाए गए। इनमें 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया, 22 हजार से अधिक प्रमाणपत्रों के आवेदन प्राप्त हुए तथा 51 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। मिशन ज्ञान गंगा के तहत कक्षा तीन से 12वीं तक के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
कुंभ-2027 की तैयारियों पर तेजी से काम
सतपाल महाराज ने कहा कि आगामी कुंभ मेला-2027 को देखते हुए रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास तथा गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता की योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास एवं विस्तार के लिए नई सोसाइटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। यहां योग एवं ध्यान, आयुर्वेद अध्ययन, ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन तथा ललित कला केंद्र विकसित करने की योजना है।
एक लाख से अधिक किसानों को मिल रहा सम्मान निधि का लाभ
जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जनपद में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। करीब 1.37 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। आयुष्मान योजना के तहत 10.40 लाख से अधिक कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नौ हजार से अधिक और शहरी क्षेत्रों में 4,500 से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से 2.52 लाख लोग लाभान्वित हुए हैं।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में नंदा गौरा कन्याधन योजना के तहत 32,825 बालिकाओं को लाभ मिला है। इसी अवधि में 69,122 महालक्ष्मी किट वितरित की गईं, जबकि पोषण योजना से प्रतिवर्ष करीब दो लाख लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 1,500 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है। मनरेगा के माध्यम से करीब एक लाख परिवारों को रोजगार मिला है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जनपद की 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, राज्य गठन के समय 850 क्विंटल रहने वाला जिले का मत्स्य उत्पादन बढ़कर 30 हजार क्विंटल से अधिक हो गया है।
राज्य आंदोलनकारियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
समारोह में राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को पटका और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री सहित अतिथियों ने उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। इसके अलावा कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सौर ऊर्जा, सहकारिता और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों एवं किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार बनाने में योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज एवं अन्य अतिथियों ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। मतदाता जागरूकता के लिए जनचेतना मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, बाल विकास, कृषि, आयुर्वेद, समाज कल्याण, ग्रामीण आजीविका मिशन, खादी ग्रामोद्योग, डेयरी, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, उद्योग और अक्षय ऊर्जा समेत विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने स्वच्छ, सुंदर और विकसित हरिद्वार बनाने में नागरिकों से सहयोग की अपील की। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, अजीत चौधरी, विधायक आदेश चौहान, अनीस गौड़, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम जितेंद्र कुमार, वैभव गुप्ता, सीएमओ डॉ. आरके सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ शिशुपाल सिंह नेगी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, राज्य आंदोलनकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





