उत्तराखंड

Haridwar: सुखी नदी पर सुरक्षा जाल लगवाकर पार्षद ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

Admindelhi1
4 July 2026 4:29 PM IST
Haridwar: सुखी नदी पर सुरक्षा जाल लगवाकर पार्षद ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
x
प्रशासनिक लापरवाही के बीच पार्षद की पहल बनी चर्चा का विषय

हरिद्वार: बरसात के मौसम से पहले जहां संबंधित विभाग आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में सुस्त नजर आया, वहीं उत्तरी हरिद्वार के वार्ड संख्या-4 के कांग्रेस पार्षद महावीर वशिष्ठ ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए अपने निजी खर्च पर सुखी नदी में नए सुरक्षा जाल लगवाकर जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने का परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार सुखी नदी पर लगे सुरक्षा जाल पिछले करीब छह माह से क्षतिग्रस्त होकर नदी में पड़े थे। जाल टूटने के कारण नदी में कूड़ा-कचरा जमा हो रहा था और मानसून के दौरान तेज बहाव में जाल बह जाने का भी खतरा बना हुआ था। इससे स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

बताया गया कि पार्षद महावीर वशिष्ठ ने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया, लेकिन लंबे समय तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। विभागीय उदासीनता के बाद उन्होंने स्वयं पहल करते हुए अपने निजी संसाधनों से सुरक्षा जाल लगवाने का काम पूरा करवाया।

पार्षद की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने खुले दिल से सराहना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पार्षद कार्य करते रहेंगे।

Next Story