Haridwar: कांग्रेस विधायक काजी को मिली धमकी, जान से मारने की बात पर केस दर्ज

हरिद्वार: मंगलौर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक के व्हाट्सऐप पर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकी भरे वीडियो भेजे गए। वीडियो में आपत्तिजनक सामग्री के साथ एक नकाबपोश व्यक्ति द्वारा धमकी दिए जाने की बात सामने आई है।
मामले की जानकारी विधायक ने हरिद्वार के एसएसपी को दी। उनकी तहरीर के आधार पर मंगलौर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस धमकी भरे वीडियो और संदेश भेजने वाले दोनों मोबाइल नंबरों को ट्रेस करने में जुटी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने बताया कि विधायक की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।





