हरिद्वार में चेक बाउंस मामले में आरोपी को एक माह की जेल

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में चेक बाउंस के एक मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट परमिन्दर कौर की अदालत ने आरोपी अंकित शर्मा को दोषी करार देते हुए एक माह के साधारण कारावास और 90 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। अदालत ने जुर्माने में से 85 हजार रुपये शिकायतकर्ता को प्रतिकर के रूप में देने और शेष पांच हजार रुपये राज्य कोष में जमा करने का आदेश दिया है।
मामले के अनुसार, पुरुषोत्तम विहार कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने जान-पहचान के चलते ज्वालापुर निवासी अंकित शर्मा को अलग-अलग समय पर कुल 80 हजार रुपये नकद उधार दिए थे। रकम लौटाने के लिए आरोपी ने एक्सिस बैंक का 80 हजार रुपये का चेक दिया था।
शिकायतकर्ता ने जब चेक अपने एचडीएफसी बैंक खाते में जमा किया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी को कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन रकम वापस नहीं मिली। इस पर शिकायतकर्ता ने न्यायालय में मामला दर्ज कराया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने अंकित शर्मा को परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत दोषी पाया और जेल एवं जुर्माने की सजा सुनाई।





