उत्तराखंड

Haridwar: कालेवाला में साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति पर चौपाल

Admindelhi1
1 July 2026 5:06 PM IST
Haridwar: कालेवाला में साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति पर चौपाल
x
साइबर अपराध रोकथाम पर विशेष जानकारी दी गई

हरिद्वार: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश सीमा से सटे दूरस्थ गांव कालेवाला में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। कालेवाला गांव थाना भगवानपुर से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित सीमावर्ती और महत्वपूर्ण गांव है।

चौपाल में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर ने स्वयं ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान, साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा तथा नए आपराधिक कानूनों की जानकारी विस्तार से दी गई। युवाओं को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन सेवा पर संपर्क करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया गया। पुलिस ने आमजन से नशामुक्त समाज के निर्माण, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।

Next Story