उत्तराखंड

Haridwar: स्वच्छता व्यवस्था जांचने पहुंचे सीडीओ, विकास भवन का किया औचक निरीक्षण

Admindelhi1
7 Aug 2026 2:20 PM IST
Haridwar: स्वच्छता व्यवस्था जांचने पहुंचे सीडीओ, विकास भवन का किया औचक निरीक्षण
x
औचक निरीक्षण में विकास भवन की व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा

हरिद्वार: मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित शौचालयों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन अपने कार्यों के लिए आते हैं, इसलिए परिसर में स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की गंदगी, दुर्गंध या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

डॉ. मिश्र ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता एवं साफ-सफाई के संबंध में उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि शौचालयों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित समय पर सफाई कार्य कराया जाए, ताकि आमजन और कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने दो टूक कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। यदि निरीक्षण के दौरान कहीं भी साफ-सफाई में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, नियमित निरीक्षण करने तथा प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विकास भवन परिसर में साफ, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण कायम रखा जा सके।

Next Story