उत्तराखंड

Haridwar: जन सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख चौराहों पर शुरू हुई सीसीटीवी परियोजना

Admindelhi1
27 July 2026 10:39 AM IST
Haridwar: जन सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख चौराहों पर शुरू हुई सीसीटीवी परियोजना
x
चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगने से बढ़ेगी सुरक्षा और निगरानी

हरिद्वार: बीएचईएल, सिडकुल तथा शिवालिक नगर क्षेत्र में प्रमुख चौराहों पर आम लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की रविवार को शुरुआत हुई।

पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा एवं एसएसपी नवनीत सिंह ने रविवार को अमृत महोत्सव चौक पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का शुभारंभ किया।

इस चरणबद्ध योजना के तहत पालिका क्षेत्र के साथ बीएचईएल, बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र से भाईचारा ढाबे तक, सिडकुल, रोशनाबाद, त्रिमूर्ति नगर, घासमंडी, पाँवधोई से पुल जटवाड़ा तक के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से न केवल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा, बल्कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगने से पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। इससे अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी और कोई भी अपराधी कानून की नजर से नहीं बच पाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका एवं पुलिस का यह समन्वित प्रयास नागरिकों को सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर सीओ एसपी बलूनी, रानीपुर कोतवाल मनोहर भंडारी, सभासद वीरेन्द्र अवस्थी, पंकज चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Next Story