उत्तराखंड

Haridwar: दो बहनों को मौत के घाट उतारने वाला भाई गिरफ्तार, पुलिस ने चंद घंटों में पकड़ा

Admindelhi1
27 Aug 2026 9:02 AM IST
Haridwar: दो बहनों को मौत के घाट उतारने वाला भाई गिरफ्तार, पुलिस ने चंद घंटों में पकड़ा
x
खौफनाक वारदात का चंद घंटों में खुलासा, दो बहनों का हत्यारा भाई गिरफ्तार

हरिद्वार: रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों हत्याओं के आरोप में मृत बहनों के सगे भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। वारदात के दौरान गोली लगने से आरोपी का जीजा भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, 25-26 अगस्त 2026 की रात गणेशपुर रुड़की निवासी अर्जुन सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके मामा विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी। इस दौरान उसके मौसा को भी गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर, हरिद्वार को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला, भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को हत्याकांड के पीछे संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Next Story