उत्तराखंड

Haridwar: रास्ता रोककर घर में घुसा, फिर हमला किया

Admindelhi1
27 April 2026 2:41 PM IST
Haridwar: रास्ता रोककर घर में घुसा, फिर हमला किया
x

हरिद्वार: लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भूरना में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खेत से घर लौट रही महिला को रास्ते में रोककर पहले गाली-गलौच की गई, फिर आरोपी सरिया, लाठी-डंडे, फावड़े और गंडासे लेकर पीड़ित के घर में घुस आए और महिला समेत उसके बच्चों पर हमला बोल दिया। हमले में महिला, उसकी बेटी और बेटे को गंभीर चोटें आई हैं।

ग्राम भूरना निवासी पीड़ित अमन कुमार पुत्र मदन पाल की ओर से कोतवाली लक्सर में दी गई तहरीर के अनुसार, 23 अप्रैल की शाम करीब 7.30 बजे उसकी मां सोरण देवी खेत से वापस घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही शुभम, अभिषेक पुत्र शशी, सुशील व मुकेश पुत्रगण बुग्गल सिंह ने उन्हें रोक लिया और अभद्रता शुरू कर दी। महिला किसी तरह घर पहुंची, लेकिन आरोपितों का गुस्सा यहीं नहीं थमा।

तहरीर में बताया गया है कि कुछ ही देर बाद आरोपित हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए सोरण देवी पर हमला कर दिया। मां को बचाने पहुंचे अमन के छोटे भाई और बहन को भी बेरहमी से पीटा । इतना ही नहीं, आरोपितों ने घर में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिवार को हमलावरों से बचाया पीड़ित परिवार का आरोप है कि जाते-जाते आरोपित पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए, जिससे परिवार दहशत में है।

वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Next Story