उत्तराखंड

Haridwar: प्रेम प्रकरण से युवक पर हमला

Admindelhi1
25 Jun 2025 9:26 AM IST
Haridwar: प्रेम प्रकरण से युवक पर हमला
x

हरिद्वार: लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिक्कमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया। आरोप है कि पिटाई के दौरान ग्रामीणों ने युवक का वीडियो भी बनाया। घटना के बाद प्रेमी-प्रेमिका ने कोर्ट मैरिज कर ली। मंगलवार को प्रेमी के परिजन भिक्कमपुर पुलिस चौकी पहुंचे और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के एक गांव निवासी युवक का प्रेम संबंध भिक्कमपुर क्षेत्र की एक युवती से चल रहा था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत के अलावा कई बार मुलाकातें भी होती रही थीं। बताया जा रहा है कि युवक अक्सर युवती से मिलने उसके गांव आता था। इसी बीच गांववालों को उनके प्रेम संबंध की जानकारी हो गई।

करीब एक सप्ताह पूर्व युवक एक बार फिर प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा। लेकिन इस बार उसकी जानकारी पहले ही गांववालों को लग गई। युवती से मिलने से पहले ही कुछ ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया। उसे एक खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा गया। युवक चीखता-चिल्लाता रहा और आगे से गांव न आने की बात कहता रहा। बाद में ग्रामीणों ने उसे छोड़ दिया।

घटना के बाद युवक और युवती ने कोर्ट में विवाह कर लिया। मंगलवार को युवक के परिजन भिक्कमपुर पुलिस चौकी पहुंचे और तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भिक्कमपुर चौकी प्रभारी नवीन चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Story