उत्तराखंड

Haridwar: साबिर पाक दरगाह पहुंची अंजुमन गुलामाने सोसायटी, चादरपोशी कर मांगी दुआ

Admindelhi1
21 Aug 2026 10:18 AM IST
Haridwar: साबिर पाक दरगाह पहुंची अंजुमन गुलामाने सोसायटी, चादरपोशी कर मांगी दुआ
x
साबिर पाक दरगाह में चादरपोशी, अंजुमन गुलामाने सोसायटी ने की रस्म अदा

हरिद्वार: रुड़की के समीप पिरान कलियर शरीफ स्थित प्रसिद्ध हजरत साबिर पाक की दरगाह पर 758वां सालाना उर्स जारी है। उर्स के मौके पर देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में जायरीन कलियर शरीफ पहुंचकर साबिर पाक की दरगाह पर जियारत कर रहे हैं। अपनी मन्नत-मुराद के लिए दुआएं मांग रहे हैं।

गुरुवार को अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी के पदाधिकारियों की ओर से साबिर पाक दरगाह पर चादर पेश कर मुल्क की सलामती, अमन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। नामित पार्षद भाजपा नेता हारून खान ने दरगाह प्रबंधन को चांदी का ताला भेंट किया। अंजुमल गुलामाने मुस्फता सोसायटी के उपाध्यक्ष हाजी जमशेद खान ने बताया कि साबिर पाक दरगाह हिन्दू-मुस्लिम एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल है। बिना किसी जाति-धर्म के भेदभाव के हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समेत सभी धर्मों के लोग एक साथ कतारों में लगकर साबिर पाक की दरगाह पर जियारत करते हैं, जिससे देशभर में भाईचारे और आपसी एकता का पैगाम जाता है।

उल्लेखनीय है कि साबिर पाक दरगाह के प्रति जायरीनों में गहरी आस्था है। मान्यता है कि जो लोग सच्चे मन से यहां पहुंचकर मन्नत मांगते हैं और उनकी मुराद पूरी होती है। इसी आस्था और विश्वास के चलते उर्स के दौरान देश के तमाम राज्यों से लाखों लोग पिरान कलियर शरीफ दरगाह में जियारत के लिए आते हैं।

Next Story