उत्तराखंड

Haridwar: स्वच्छता अभियान में जुटी प्रशासनिक टीम, हटाया गया कचरा

Admindelhi1
20 Jun 2026 2:33 PM IST
Haridwar: स्वच्छता अभियान में जुटी प्रशासनिक टीम, हटाया गया कचरा
x
हरिद्वार में स्वच्छता को लेकर प्रशासन की बड़ी पहल

हरिद्वार: तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विशेष स्वच्छता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। सोमवती अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बाद पंतद्वीप मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों में फैली गंदगी को हटाने के लिए शनिवार को व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। प्रशासन ने बताया कि यह अभियान 21 जून को भी जारी रहेगा।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं स्वच्छता अभियान की संयोजक मीरा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपदभर में स्वच्छता को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सोमवती अमावस्या के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते उत्पन्न हुई गंदगी को साफ करने के लिए 20 और 21 जून को विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिलाधिकारी ने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों, संत समाज, व्यापार मंडलों, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों तथा आम नागरिकों से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।

अभियान के तहत पंतद्वीप मैदान और आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े-कचरे को हटाकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया। सफाई कार्य में आपदा प्रबंधन विभाग, जल निगम, नगर निगम तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

इस दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next Story