उत्तराखंड

Haridwar: गंगा संरक्षण के लिए प्रशासन का बड़ा कदम

Admindelhi1
28 April 2026 7:35 PM IST
Haridwar: गंगा संरक्षण के लिए प्रशासन का बड़ा कदम
x
"डीएम ने जारी किए प्रदूषण रोकने के आदेश"

हरिद्वार: जिला गंगा संरक्षण समिति की 72वीं बैठक जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में गंगा की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हालत में नालों और गंदे स्रोतों का पानी मां गंगा में न जाने पाए। इसके लिए जल संस्थान और संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ आम जनता की भी जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील करते हुए कहा कि गंगा में कूड़ा-कचरा या कपड़े न फेंके जाएं। इसके लिए सभी घाटों पर साइन बोर्ड लगाने और व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश नगर निगम को दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि घाटों और पुलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही इस क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए गए। जिन पुलों पर सुरक्षा के लिए जालियां लगाई जानी हैं, उनके कार्य को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध सहित कई विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Next Story