उत्तराखंड

Haridwar: कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी का दौरा

Admindelhi1
6 Aug 2026 5:03 PM IST
Haridwar: कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी का दौरा
x
कांवड़ मेले की सुरक्षा और सुविधाओं का किया गया निरीक्षण

हरिद्वार: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कांवड़ मेले को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने देहात क्षेत्र का भ्रमण किया। अधिकारियों ने नहर पटरी मार्ग, रुड़की और मंगलौर क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने, जलभराव और बारिश की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

डीएम मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और आवश्यक संसाधन हर समय उपलब्ध रहें। वहीं एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है, ताकि भारी बारिश के बावजूद कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराई जा सके।

Next Story