उत्तराखंड

Haridwar: स्वच्छता अभियान के तहत कश्यप घाट से हटाया गया 38 कट्टे कचरा

Admindelhi1
5 July 2026 11:55 AM IST
Haridwar: स्वच्छता अभियान के तहत कश्यप घाट से हटाया गया 38 कट्टे कचरा
x
कश्यप घाट को स्वच्छ बनाने के लिए चला विशेष अभियान

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार शनिवार को ऋषिकुल चौक स्थित कश्यप घाट पर विशेष स्वच्छता एवं गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य घाट क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाना तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रेरणा से नगर निगम हरिद्वार, आईटीसी मिशन सुनहरा कल तथा श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम ने संयुक्त रूप से श्रमदान किया। इस दौरान घाट परिसर और आसपास फैले कचरे की व्यापक सफाई की गई तथा गाजर घास का उन्मूलन कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। स्वच्छता अभियान के दौरान 38 कट्टे सूखा कचरा एकत्रित कर वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंपा गया। साथ ही गाजर घास हटाकर पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

अभियान में शामिल अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने लोगों से अपील की कि स्वच्छता को केवल एक अभियान न समझें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उनका कहना था कि जनसहभागिता और श्रमदान से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर हरिद्वार का सपना साकार किया जा सकता है। अभियान के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता ही संस्कार का संदेश देते हुए स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

Next Story