उत्तराखंड

Haridwar: हरिद्वार में 25 नई प्रशासनिक इकाइयों की शुरुआत

Admindelhi1
25 April 2026 9:15 AM IST
Haridwar: हरिद्वार में 25 नई प्रशासनिक इकाइयों की शुरुआत
x

हरिद्वार: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जनपद हरिद्वार में ग्रामीण प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने 25 ग्राम पंचायतों में विकसित किए गए मिनी सचिवालयों का शुभारंभ करते हुए परिवार रजिस्टरों के डिजिटलीकरण कार्यक्रम का लोकार्पण किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री मदन कौशिक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं दीं और इसे जनपद के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि 25 ग्राम पंचायतों को मिनी सचिवालय के रूप में विकसित किए जाने से ग्रामीणों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय या तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर ही परिवार रजिस्टर की नकल और अन्य प्रमाण पत्र आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए योजनाओं को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने हेतु ठोस रणनीति और कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ग्राम पंचायतों के चौमुखी विकास के लिए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करना जरूरी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने भी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मिनी सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के कार्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र पर काम करते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि राज्य की रजत जयंती के अवसर पर जनपद के जर्जर पंचायत भवनों का चयन कर उनका जीर्णोद्धार किया गया है और उन्हें आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी सचिवालयों में बदला गया है। साथ ही परिवार रजिस्टरों का डिजिटलीकरण होने से ग्रामीणों को दस्तावेज प्राप्त करने में अब किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र सेट, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कमलेश, ग्राम प्रधान राकेश कुमार, सुशील त्यागी, मास्टर नागेंद्र, पवन तोमर, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. विकास ठाकुर, खंड विकास अधिकारी पवन सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Next Story