उत्तराखंड

Haldwani: फ्लाईओवर निर्माण को लेकर अनिश्चितता, सर्वे के बाद ठहराव

Admindelhi1
27 Jun 2025 3:03 PM IST
Haldwani: फ्लाईओवर निर्माण को लेकर अनिश्चितता, सर्वे के बाद ठहराव
x

हल्द्वानी: हल्द्वानी में अभी प्रस्तावित फ्लाईओवर का निर्माण नहीं होगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए सर्वे कर फिजिबिलिटी रिपोर्ट फाइनल कर दी है। इसके अनुसार फ्लाईओवर बनाए जाने से फायदे से ज्यादा सामाजिक और आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। ऐसे में फ्लाईओवर की योजना पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। हल्द्वानी शहर लगातार बढ़ रही आबादी के चलते महानगर का आकार ले रहा है। यहां की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। इससे शहर के मुख्य चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग ने मुखानी से लालडांठ चौराहा और मंगलपड़ाव से तिकोनिया चौराहे तक फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई थी।

इसके लिए विभाग ने पिछले वर्ष फिजिबिलिटी सर्वे करवाया, जिसकी फाइनल रिपोर्ट में फ्लाईओवर बनने से सामाजिक और आर्थिक नुकसान की आशंका जाहिर करते हुए अभी निर्माण नहीं किए जाने का सुझाव दिया गया है। ऐसे में विभाग ने शहर में फ्लाईओवर बनाने की योजना को फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया है।

इसके अलावा फ्लाईओवर निर्माण का व्यापारी शुरू से ही विरोध कर रहे थे। शहर के मुख्य बाजार के साथ ही सैकड़ों व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई थी। सर्वे रिपोर्ट में व्यापारियों के विरोध को भी फ्लाईओवर निर्माण नहीं किए जाने का मुख्य कारण चिह्नित किया गया है।

चौराहों के चौड़ीकरण से मिलेगी राहत चौराहों पर लगने वाले जाम के स्थाई समाधान के लिए फ्लाईओवर नहीं बनने पर अब चौराहों के चौड़ीकरण से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं विभागीय अधिकारियों के अनुसार इसके लिए अधिकांश चौराहों पर चौड़ीकरण का काम किया जा रहा। वहीं अन्य चौराहों के लिए प्रस्ताव बनाए जा रहे हैं। इस संबंध में लोनिवि के अधिशाासी अभियंता प्रत्यूष कुमार का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के सर्वे के आधार पर फिजिबिलिटी रिपोर्ट फाइनल कर ली गई है। आर्थिक, सामाजिक आंकलन के अनुसार अभी निर्माण नहीं किया जाएगा।

Next Story