उत्तराखंड

वन विभाग ने दो कछुआ तस्कर को किया गिरफ्तार, चार कछुए किए बरामद

Admin Delhi 1
4 Aug 2022 12:02 PM GMT
वन विभाग ने दो कछुआ तस्कर को किया गिरफ्तार, चार कछुए किए बरामद
x

हल्द्वानी क्राइम न्यूज़: वन विभाग ने ऊधम सिंह नगर से नैनीताल जनपद में कछुओं का सौदा करने आए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से चार भारतीय कछुए बरामद हुए हैं। तस्करों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में एस-टू केस दर्ज किया गया है साथ ही तस्करों के नैनीताल व ऊधम सिंह नगर में तार ढूंढे जा रहे हैं। हल्द्वानी वन डिवीजन की नंधौर वन रेंज के अंतर्गत वन टीम ने गुरुवार को हल्द्वानी-सितारगंज हाईवे स्थित सेला बीट के समीप से संदिग्ध हालात में घूम रहे दो लोगों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मृत्युंजय अधिकारी पुत्र राम अधिकारी और सुट्की विश्वास पुत्र बाबूराम विश्वास निवासी शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर बताया। उनके पास से चार भारतीय कछुए बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह नैनीताल जिले में कछुओं का सौदा करने आए थे इसलिए गुरुवार को चार कछुओं का सैंपल लेकर आए थे। कछुए पसंद आने के बाद सौदा तय होना था इससे पहले वे दबोच लिए गए।

इधर, वन विभाग ने दोनों तस्करों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की है। तस्करों से पूछताछ की जा रही है। तस्करों को पकड़ने वाली टीम में मोहन चन्द्र लखेड़ा, कुंवर सिंह गौनिया, सुरेश मेहरा, प्रकाश सिंह राणा, भागपत सिंह राणा, राजीव आदि शामिल थे।

संरक्षित सूची में दर्ज हैं कछुए: तस्करों से बरामद कछुए भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम-1972 की अनुसूची प्रथम के भाग दो में वर्णित है। इनका व्यापार पूर्णतया प्रतिबंधित है। बावजूद इसके इन कछुओं का शिकार मीट के लिए किया जाता है। सेला बीट के पास से चार भारतीय कछुओं के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। ऊधम सिंह नगर के रहने वाले ये तस्कर नैनीताल जिले में कछुओं की सौदेबाजी करने आए थे। ये कछुए कहां से लाते हैं और कहां सप्लाई करते हैं, गैंग के सदस्याओं आदि बिंदुओं पर जांच की जा रही है।- सुनील शर्मा, रेंजर नंधौर वन रेंज, हल्द्वानी वन डिवीजन

Next Story