उत्तराखंड

Haldwani: पूर्व सैनिक की मौत के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच

Admindelhi1
18 July 2026 1:22 PM IST
Haldwani: पूर्व सैनिक की मौत के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
x
ट्रक चालक की लापरवाही से पूर्व सैनिक की जान गई, पुलिस तलाश में जुटी

हल्द्वानी: रामपुर रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के एक पूर्व जवान की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार हल्दूचौड़ के गंगापुर निवासी पूर्व सैनिक शमशेर सिंह रौतेला बाइक से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार ट्रक व चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले शमशेर सिंह रौतेला दूसरे पूर्व सैनिक हैं। इससे पहले गुरुवार को हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क पार करते समय पूर्व सैनिक हरीश चंदोला की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों में शोक और चिंता का माहौल है।

Next Story