उत्तराखंड

Haldwani: बकरीद को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता, सड़कों पर नमाज पर रोक

Admindelhi1
27 May 2026 7:24 PM IST
Haldwani: बकरीद को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता, सड़कों पर नमाज पर रोक
x
सड़कों पर नमाज को लेकर बकरीद पर प्रशासन का सख्त रुख

हल्द्वानी: हल्द्वानी में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। ईद की नमाज केवल निर्धारित स्थलों और ईदगाहों में ही अदा की जाएगी। सार्वजनिक सड़कों और मुख्य मार्गों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी,ताकि आमजन को असुविधा न हो।

इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने संयुक्त रूप से बनभूलपुरा क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

निगम और अन्य विभागों को त्योहार से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और गश्त बढ़ाने की बात कही है।

प्रशासन की ओर से पूर्व में अमन कमेटी की बैठक भी आयोजित की जा चुकी है, जिसमें धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की गई।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

नमाजियों की अधिक संख्या को देखते हुए हल्द्वानी ईदगाह में ईद की नमाज सुबह 8 बजे अदा होगी, जबकि जामा मस्जिद में नमाज सुबह 8:30 बजे अदा की जाएगी।

Next Story