
हल्द्वानी: रामपुर रोड स्थित एक अमेजन स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र स्थित अमेजन स्टोर में शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने धुआं और आग की लपटें देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल और हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता बल के साथ मौके पर पहुंचे।
दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर स्टोर के भीतर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि तब तक आग पूरे स्टोर में फैल चुकी थी और अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया था। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अंदर सो रहे दो कर्मचारियों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में उनकी मौत आग की चपेट में आने और दम घुटने से होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र (35 मूल निवासी सोमेश्वर, अल्मोड़ा) और पंचायतघर क्षेत्र निवासी अमित ( 25)के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शवों की शिनाख्त कराकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया।
अग्निकांड में स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी तथा परिसर में खड़ा एक टेंपो भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल टीम को मौके पर भेजा गया था। आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन दो कर्मचारियों को बचाया नहीं जा सका। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।





