Haldwani: टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

हल्द्वानी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को हल्द्वानी में प्रदर्शन किया।
जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन का पुतला दहन कर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष गोविन्द सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ कथित तौर पर जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी से बचना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतीश नैनवाल, प्रदेश महासचिव संजय किरोला और प्रदेश सचिव हिमांशु जोशी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और अन्य जनसमस्याओं पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए विपक्षी नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रही है।
महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जया कर्नाटक और महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मधु सांगुड़ी ने भी भाजपा नेताओं से सार्वजनिक विमर्श में मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक दलों को चर्चा करनी चाहिए।
प्रदर्शन में हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, भोला दत्त भट्ट, जीवन कार्की, राधा आर्य, रेनू तोमर, भगवती बिष्ट, मंजू दानू, दीप पाठक, किरण माहरा, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, मनोज भट्ट, देवेंद्र चूनौतिया, प्रदीप नेगी, रंजीत डसीला, खीम सिंह चौहान, महेन्द्र कुमार, बबलू बिष्ट, दिनेश सांगुड़ी और दीपक दानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





