उत्तराखंड

Haldwani: 15 घंटे में सुलझा अमन हत्याकांड, आरोपी तक पहुंची पुलिस

Admindelhi1
17 Sept 2026 7:59 PM IST
Haldwani: 15 घंटे में सुलझा अमन हत्याकांड, आरोपी तक पहुंची पुलिस
x
सीसीटीवी की मदद से अमन हत्याकांड का खुलासा

हल्द्वानी: वनभूलपुरा के जवाहर नगर में 29 वर्षीय अमन ठाकुर की संदिग्ध मौत के मामले का नैनीताल पुलिस ने करीब 15 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी-पतारसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार किया गया है।

उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल दुपट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को जवाहर नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को बरामदे में अमन ठाकुर का शव मिला था। फॉरेंसिक जांच के दौरान मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिलने के बाद मामला संदिग्ध माना गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक सुरागरसी-पतारसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी निक्की उर्फ नाटी को 17 सितंबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की एक खाली झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपित द्वारा मृतक अमन और अपनी पत्नी के बीच संबंध होने का शक जताया गया।

इसी बात को लेकर पत्नी और अमन से विवाद होने की बात भी सामने आई। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने जवाहर नगर स्थित मस्ता टेंट हाउस से घटना में प्रयुक्त बताया जा रहा दुपट्टा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेंद्र वाल्मीकि, निवासी वार्ड नंबर 14 जवाहर नगर, वनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में आबकारी अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है।

Next Story