उत्तराखंड

Gurugram: कैब चालक की मौत से मचा हड़कंप, फैन बेल्ट से फंदा लगाकर दी जान

Admindelhi1
29 Aug 2026 10:23 AM IST
Gurugram: कैब चालक की मौत से मचा हड़कंप, फैन बेल्ट से फंदा लगाकर दी जान
x
कैब चालक ने फैन बेल्ट से फंदा लगाकर की आत्महत्या, मामले की जांच जारी

गुरुग्राम: बादशाहपुर-टिकली रोड पर एक कैब चालक ने खाली गोदाम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान यूपी के एटा निवासी सुखबीर के रूप में हुई है, जो भोंडसी की स्नेह कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गोदाम में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। घटनास्थल से शराब की बोतल, गिलास और नमकीन के पाउच मिले हैं। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने बताया कि सुखबीर के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। वह परिवार का इकलौता सहारा था। करीब तीन महीने पहले ही उसने आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए नई कैब खरीदी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि वह अकेले ही सुनसान गोदाम में गया था। वहां किसी दूसरे व्यक्ति के मौजूद होने के निशान नहीं मिले। आसपास झाडिय़ां होने से किसी ने उसे देखा भी नहीं। उसने गाड़ी की फैन बेल्ट से फंदा बनाया और ईंट-पत्थर रखकर छत में टांग दिया। रबड़ की बेल्ट होने से वह टूट गई और शव नीचे फर्श पर गिर गया।

पहले परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन फॉरेंसिक जांच में हत्या के कोई सबूत नहीं मिले। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम में मौत की वजह दम घुटना और गले पर फंदे के निशान मिले हैं। बादशाहपुर थाना पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं से जांच कर रही है कि वह किसी तनाव में तो नहीं था।

Next Story