Gurugram: आरोपी के पिता और भाई की हत्या में गिरफ्तारी

गुरुग्राम: सहमति संबंध में रह रही पूजा का गला काटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के पिता अली अहमद और भाई हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका पूजा का सिर अभी तक नहीं मिला है। मृतका पूजा की बहन की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने गुमशुदगी में मामला दर्ज किया था।
मृतका की पहचान मूल रूप से उत्तराखंड के जिला उधम सिंह नगर के बंगाली कॉलोनी निवासी पूजा के रूप में हुई थी। गिरफ्तार हुए आरोपियों को पुलिस ने सात दिन की रिमांड पर लिया है।
19 दिसंबर 2024 को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनकी बहन गुरुग्राम में अशोक विहार फेज-3 में रहती थी। 25 अक्तूबर से वह लापता है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उत्तराखंड के जिला उधमसिंह के गांव गोरी खेड़ा निवासी मुस्ताक को गिरफ्तार किया था। उसने पूछताछ में बताया था कि उसने पूजा की अपने भाई व पिता के साथ मिलकर गला काटकर हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर युवती के शव को उत्तराखंड में एक नहर के पुल के नीचे से बरामद किया था। आरोपी ने बताया था कि वह टैक्सी चलाने का काम करता था। 2022 में युवती की मां बीमार हुई थी। वह अपनी मां का उपचार के लिए दो-तीन बार आरोपी की टैक्सी में लेकर गई थी। इसी दौरान इन दोनों की आपस में दोस्ती हुई थी। इस दौरान गुरुग्राम में वह दो सालों तक आपसी सहमति में रहने लगे।
पिछले साल अक्तूबर में उनका झगड़ा हो गया। इसके बाद आरोपी वापस उत्तराखंड चला गया। युवती भी उत्तराखंड आरोपी के घर चली गई थी। वहां पर उनका झगड़ा होने पर आरोपी के घर वालों ने उसको निकाल दिया। 15 नवंबर को आरोपी युवती के साथ अपनी बहन के पास एक दिन रुका। अगले दिन आरोपी ने अपने भाई व पिता के साथ मिलकर चाकू से गला काटकर पूजा की हत्या कर दी। उसके शव को बेड शीट में लपेटकर नहर के पुल के नीचे छुपा दिया। युवती के सिर को नहर में फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपी के भाई हुसैन और पिता अली अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह युवती मुस्ताक को ढूंढती हुई उनके घर आ गई थी। दोनों के बीच में काफी झगड़ा हुआ था। जब वह युवती को लेकर अपनी बहन के घर गए तो वह भी रात को वहां पर पहुंच गए।
रात के समय आरोपी सद्दाम ने युवती के हाथ व आरोपी अली अहमद ने पैर पकड़ लिए थे। इसके बाद आरोपी मुस्ताक ने चाकू से पूजा का गला काटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपियों ने बाइक पर पूजा का शव लेकर गए और नहर के पुल के नीचे रख दिया।





