उत्तराखंड

हरिद्वार में गुरु नानक प्रकाश पर्व की धूम, निकली भव्य प्रभात फेरी

Admindelhi1
24 Nov 2026 1:08 PM IST
हरिद्वार में गुरु नानक प्रकाश पर्व की धूम, निकली भव्य प्रभात फेरी
x
प्रकाश पर्व पर आस्था का सैलाब, हरिद्वार में निकली विशाल प्रभात फेरी

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को विभिन्न गुरुद्वारों की ओर से भव्य प्रभात फेरियां निकाली गईं। इनमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु नानक देव के प्रति श्रद्धा प्रकट की। निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे की ओर से आयोजित प्रभात फेरी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी और पंज प्यारे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

प्रभात फेरी की शुरुआत प्रेमनगर पुल स्थित गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी धरना स्थल से हुई। इसके बाद यात्रा प्रेमनगर चौक, कृष्णा नगर, दादूबाग और कनखल चौक बाजार होते हुए गुरु अमरदास गुरुद्वारे पहुंची, जहां विधिवत अरदास की गई। रास्ते में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया।

इस अवसर पर संत जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने मानवता को सत्य, समानता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि लंगर सेवा सभी धर्मों और जातियों के लोगों को एक साथ जोड़ने की परंपरा है।

प्रभात फेरी में संत तरलोचन सिंह, सुखदीप सिंह, ज्ञानी पंकज सिंह, इंद्रजीत सिंह बिट्टू, अमरजीत कौर, सरबजीत कौर सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

Next Story