उत्तराखंड

कॉलेज छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, रोजगारपरक कौशल का मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण

Admindelhi1
20 Nov 2026 10:58 AM IST
कॉलेज छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, रोजगारपरक कौशल का मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
x
DAV कॉलेज और हरितधरा फाउंडेशन के बीच MOU, युवाओं को रोजगार के लिए करेंगे तैयार

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून स्थित डीएवी (पीजी) कॉलेज के विद्यार्थियों को अब रोजगारपरक कौशल और उद्यमिता का निःशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा। इसके लिए कॉलेज प्रशासन और हरितधरा रिसर्च डेवलपमेंट एंड एजुकेशन फाउंडेशन के बीच तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।

गुरुवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार और हरितधरा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अनंत भास्कर ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस योजना का विशेष लाभ सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

समझौते के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 33 से 35 घंटे का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें स्पोकन इंग्लिश, संवाद कौशल, सीवी निर्माण, डिजाइन थिंकिंग और उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी भी दी जाएगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत चार से आठ घंटे के विशेष बूटकैंप आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थी कॉलेज परिसर में ऊर्जा, जल, कचरा प्रबंधन और परिवहन व्यवस्था का आकलन कर पर्यावरण अनुकूल कार्ययोजना तैयार करेंगे।

प्रशिक्षण में 75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज कराने और मूल्यांकन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को दोनों संस्थानों की ओर से संयुक्त ई-प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही इंटर्नशिप और पोर्टफोलियो तैयार करने में भी सहायता मिलेगी। विद्यार्थियों द्वारा विकसित परियोजनाओं और प्रोटोटाइप के बौद्धिक संपदा अधिकार उन्हीं के पास रहेंगे।

प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार ने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रोजगारपरक क्षमताओं को मजबूत करने में सहायक होगी। वहीं, डॉ. अनंत भास्कर ने युवाओं को आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रो. एचएस रंधावा, प्रो. प्रशांत सिंह, डॉ. ओनिमा शर्मा और प्रो. गीतांजलि तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Next Story