उत्तराखंड

Gopeshwar: मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज, दावे-आपत्तियां 3 अगस्त से

Admindelhi1
1 Aug 2026 6:38 PM IST
Gopeshwar: मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज, दावे-आपत्तियां 3 अगस्त से
x
3 अगस्त से मतदाता सूची पर दावे-आपत्तियों का निपटारा

गोपेश्वर: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत प्रकाशित निर्वाचक नामावली से संबंधित नोटिसों के वितरण और दावे-आपत्तियों की सुनवाई तीन अगस्त से शुरू होगी।

शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को शेष नोटिसों का वितरण अभियान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर नोटिस पहुंचना सुनिश्चित करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 63 हजार 3 सौ 47 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से अब तक 49 हजार 72 नोटिसों का वितरण किया जा चुका है। इनमें बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के 21 हजार सौ, थराली के 19 हजार 9 सौ 35 और कर्णप्रयाग के 21 हजार 5 सौ 12 नोटिस शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि तीन अगस्त से दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई शुरू होगी। बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में तीन से 28 अगस्त, थराली में तीन से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग में तीन से 22 अगस्त तक सुनवाई आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। 6 सौ 33 बीएलओ के सहयोग के लिए 6 सौ 33 अतिरिक्त कार्मिक भी नामित किए गए हैं। उन्होंने सभी सुनवाई स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। दुर्गम क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को दावे या आपत्ति दर्ज कराने में कठिनाई न हो।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Story