उत्तराखंड

गणेश जोशी ने प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

Admindelhi1
27 Nov 2026 3:01 PM IST
गणेश जोशी ने प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
x
हिमालयन एमटीबी चैलेंज के विजेता हुए सम्मानित

मसूरी: पहाड़ों की चुनौतीपूर्ण राहों पर 658 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद देशभर के साइकिलिस्टों ने गुरुवार को मसूरी में अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 पूरा किया। नगर पालिका के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया।

उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ 20 नवंबर को नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से हुआ था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से रेस का उद्घाटन किया था।

प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के साथ भारतीय थल सेना, वायु सेना और आईटीबीपी के कुल 66 साइकिलिस्टों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने छह चरणों में मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी तक का सफर पूरा किया।

समापन समारोह में गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियां साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं उपलब्ध कराती हैं। ऐसे आयोजन प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ शीतकालीन पर्यटन को भी प्रोत्साहित करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से कम चर्चित पर्यटन स्थलों को पहचान मिलती है। पर्वतीय गांवों में होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलता है।

राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने कुमाऊं और गढ़वाल के 10 जिलों को जोड़ते हुए सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर साइकिलिस्टों का स्वागत किया।

समारोह में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह और होटल एसोसिएशन के महासचिव मनिन्दर पाल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Next Story