उत्तराखंड

खुद को ट्रेजरी अफसर बताकर पूर्व प्रमुख चिकित्साधिकारी से साढ़े 10 लाख की धोखाधड़ी

Admin Delhi 1
27 Oct 2022 12:59 PM GMT
खुद को ट्रेजरी अफसर बताकर पूर्व प्रमुख चिकित्साधिकारी से साढ़े 10 लाख की धोखाधड़ी
x

हल्द्वानी न्यूज़: बेस अस्पताल के पूर्व प्रमुख चिकित्साधिकारी के साथ लाखों की धोखाधड़ी हो गई। जालसाज ने ट्रेजरी अफसर बनकर उनके खाते से रकम पार कर दी और ठगे जाने का पता चिकित्साधिकारी को अगले दिन लगा। जिसके बाद वह पुलिस के पास पहुंचे और तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जालसाज की तलाश शुरू कर दी है। मेडिकल कॉलेज टाइप फोर बी-वन निवासी डॉ.हरीश लाल बेस अस्पताल के पूर्व प्रमुख चिकित्साधिकारी हैं। डॉ.हरीश ने कोतवाली पुलिस को बताया कि दीपावली की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया और उसने खुद को ट्रेजरी अफसर बताया। इस जालसाज को डॉ.हरीश के पेंसन और रिटायरमेंट की पूरी जानकारी पहले से पता थी। जिससे डॉक्टर जालसाज के झांसे में आ गए। उसने मांगने पर डॉक्टर ने अपना कर्मचारी कोड और रजिस्ट्रेशन नंबर जालसाज को बता दिया।

जालसाज ने यह जानकारी डॉक्टर के मोबाइल पर एक फॉर्मेट भेज कर मांगी। जालसाज ने डॉक्टर को एक लिंक भी भेजा, जो खुद ही मोबाइल में डाउनलोड हो गया। जिसके बाद डॉक्टर के खाते से 10 लाख 50 हजार 400 रुपए कट गए, लेकिन इसकी जानकारी डॉक्टर को अगले दिन तब हुई जब वह स्टेट बैंक पहुंचे और बैंक स्टेटमेंट निकलवाई। जिसके बाद उन्होंने तत्काल अपना खाता फ्रीज कराया और कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी।

Next Story