उत्तराखंड

यात्रियों की सुरक्षा के लिए मार्गों पर रहेगी चाक-चौबंद व्यवस्था: मंत्री चंदन राम दास

Admin Delhi 1
3 April 2023 10:08 AM GMT
यात्रियों की सुरक्षा के लिए मार्गों पर रहेगी चाक-चौबंद व्यवस्था: मंत्री चंदन राम दास
x

ऋषिकेश: उत्तराखंड राज्य के परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित चार धाम यात्रा में पिछली बार की अपेक्षा काफी अधिक संख्या में मंदिरों के दर्शन के लिए यात्री आ रहे हैं, जिनकी सुरक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर टीम भावना से कार्य किया जाएगा। इसी के साथ धामों पर खाने के लिए वैष्णो ढाबे भी खोले जाएंगे।

परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने ये बातें सोमवार को संभागीय परिवहन कार्यालय ऋषिकेश में चारधाम यात्रा में आने वाले यात्रियों के विश्राम गृह उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय में नवनिर्मित वातानुकूलित प्रतीक्षालय का उद्घाटन और वाहन स्वामियों को ग्रीनकार्ड वितरण करने के साथ उप सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में नवनिर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन करने के उपरांत पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि पिछली बार यात्रा के दौरान कुछ कमियां थी, जिसका संज्ञान लेते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित परिवहन से जुड़े तमाम कंपनियों के साथ बातचीत कर उनका समाधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि चार धाम पर जाने वाले यात्री बड़ी श्रद्धा के साथ मंदिरों के दर्शन करने के लिए आते हैं। हमारी अपेक्षा रहेगी कि वह यहां से अच्छा संदेश लेकर जाएं।

मंत्री ने कहा कि चार धाम पर यात्रियों को ले जाने वाले वाहन चालकों को भी अच्छी सुविधा दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उनके लिए अच्छे खाने के साथ उनके आराम करने की व्यवस्था भी सरकार की ओर से की जा रही है, जिसके कारण वाहन चालक तनावमुक्त भी रहेगा और यात्रियों को सुखद पूर्वक यात्रा भी करवाएगा। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को एक बार फिर सभी विभागों की संयुक्त बैठक भी बुलाई जा रही है। तमाम विभागों को निर्देशित कर दिया गया है कि वह सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाएं, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के पास आयुष्मान कार्ड ना होने पर उन्हें तमाम सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

परिवहन मंत्री ने बताया कि यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य की दृष्टि से 50 एटीएम सेंटर भी खोले जा रहे हैं। इतना ही नहीं सरकार ने दुर्घटना के दौरान लोगों को परेशानियों से बचाए जाने के लिए देशभर के बड़े अस्पतालों से भी संपर्क कर उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था भी की है। उन्होंने कहा कि इस बार चार धाम यात्रा पर सीएनजी और इलेक्ट्रिकल वाहनों को भी संचालित की जाएगा। इसी के साथ साढ़े तीन सौ वाहनों को सरप्लस रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार वाहनों का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रोडवेज को 20 करोड़ के घाटे से बचाकर 20 लाख के प्रॉफिट में लाया गया है। उन्होंने सरकार द्वारा वाहनों में लगाए जाने वाली डिवाइस के लाभ की जानकारी भी दी। उन्होंने संयुक्त रोटेशन के पदाधिकारियों से भी आग्रह किया कि वह प्रशिक्षित चालकों को ही यात्रा पर भेजें।

इस दौरान आरटीओ सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि इस बार चार धाम यात्रा पर चेकपोस्ट हाईटेक होगी, जिसके कारण जाम की स्थिति पैदा नहीं होने दी जाएगी। इसी के साथ यात्रा पर जाने वाले वाहनों को जगह-जगह रोक कर चेक करने की व्यवस्था नहीं रहेगी। जिसके लिए टीमें गठित हैं। उन्होंने कहा कि चार धाम पर जाने वाली टैक्सी गाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा इस प्रकार की व्यवस्था की गई है कि धामों के दर्शन करने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। ऋषिकेश में यात्रियों को होने वाली से असुविधा से बचने के लिए एक केंद्र की स्थापना भी की गई है, जिसमें सभी असुविधा का समाधान किया जाएगा। इसी के साथ ग्रीन कार्ड की व्यवस्था की गई है।

नगर निगम महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि चार धाम पर आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए नगर निगम भी पूरी तरह से मदद करेगा। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा स्वच्छता की दृष्टि से आशिक स्वच्छता कर्मियों की भर्ती कर यात्रा मार्गों के साथ यात्रा अड्डे को भी स्वच्छ रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि निगम की ओर से हाईटेक शौचालयों का निर्माण भी किया गया है। इसी के साथ मोबाइल शौचालय को भी उपलब्ध रखा जाएगा।

.

Next Story