नई टिहरी में लोक संस्कृति की धूम, जागर और पहाड़ी गीतों ने बांधा समां

नई टिहरी: नगर पालिका नई टिहरी की ओर से आयोजित त्रिवेणी कौथिग की पहली सांस्कृतिक संध्या प्रसिद्ध लोक गायक मंगलेश डंगवाल के नाम रही। देवी-देवताओं के जागर और लोकप्रिय पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
गुरुवार शाम टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने पुरानी टिहरी की ऐतिहासिक संस्कृति और मेलों के संरक्षण पर जोर दिया। पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने स्थानीय लोगों से मेले में भागीदारी करने की अपील की।
लोक गायक मंगलेश डंगवाल ने गणेश स्तुति और राज-राजेश्वर जागर के साथ अपनी प्रस्तुति शुरू की। इसके बाद सिल्की बांद, लबरा छोरी, माया बांद और नंदा राजजात सहित कई लोकप्रिय गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। शुक्रवार शाम पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण की प्रस्तुति होगी।
वहीं, मेले में आयोजित स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता में जीआईसी चंबा विजेता और भागीरथी विद्या सरोवर नई टिहरी उपविजेता रही। शुक्रवार से शुरू हुई राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तराखंड के सभी 13 जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।





