नई टिहरी में लोकसंस्कृति की धूम, पद्मश्री प्रीतम भरतवाण ने बांधा समां

नई टिहरी: त्रिवेणी कौथिग की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों और जागर की गूंज से यादगार बन गई। बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण और उनकी टीम ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। स्कूली छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं।
शुक्रवार शाम कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी और नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंच पर पहुंचते ही प्रीतम भरतवाण ने ‘रूमा झूमा संध्या’ और ‘मेरी हिमवंत देशा’ जैसे गीतों से समां बांध दिया। इसके बाद उनके लोकप्रिय लोकगीतों और जागर प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए। उनके भतीजे प्रद्युम्न भरतवाण ने भी प्रस्तुति में साथ दिया।
इससे पहले विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और कीर्तन मंडलियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आयोजकों ने कहा कि त्रिवेणी कौथिग के जरिए पुरानी टिहरी की संस्कृति और लोक परंपराओं को संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।





