उत्तराखंड

फ्लैश फ्लड से मची अफरा-तफरी, ITBP-CISF समेत कई एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

Admindelhi1
29 Nov 2026 2:32 PM IST
फ्लैश फ्लड से मची अफरा-तफरी, ITBP-CISF समेत कई एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
x
आपदा से निपटने की तैयारी का टेस्ट, NTPC की सुरंग में चलाया गया संयुक्त रेस्क्यू अभियान

ज्योतिर्मठ: उत्तराखंड की तपोवन-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की सुरंग में अचानक बाढ़ आने की काल्पनिक स्थिति ने बचाव एजेंसियों की तैयारियों की परीक्षा ली। आपदा प्रबंधन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल में सुरंग के भीतर फंसे 22 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया।

अभ्यास के दौरान सुरंग में फ्लैश फ्लड के कारण पानी और कीचड़ भरने तथा श्रमिकों का संपर्क टूटने की आपात स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही एनटीपीसी, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, गढ़वाल स्काउट, अग्निशमन विभाग और उत्तराखंड पुलिस की टीमों ने संयुक्त बचाव अभियान चलाया।

ज्योतिर्मठ के उपजिलाधिकारी अमित द्विवेदी के नियंत्रण में हुए इस अभ्यास में विभिन्न एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था और बचाव संसाधनों की उपलब्धता को परखा गया।

एनटीपीसी के अनुसार, इस तरह के नियमित अभ्यास से आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने और संभावित प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

नोट: यह एक काल्पनिक आपदा स्थिति पर आधारित मॉक ड्रिल थी, वास्तविक हादसा नहीं।

Next Story