उत्तराखंड

जिम्मेदारियां निभाने में परिवार का सहयोग अहम: गुरमीत सिंह

Admindelhi1
15 Oct 2026 3:52 PM IST
जिम्मेदारियां निभाने में परिवार का सहयोग अहम: गुरमीत सिंह
x
बेहतर जिम्मेदारी के लिए परिवार का सहयोग जरूरी: गुरमीत सिंह

देहरादून: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने बुधवार को लोक भवन में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के साथ परिवार मिलन कार्यक्रम में आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया तथा संस्थान की गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता के पीछे वहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। लोक भवन के कार्मिकों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संस्थान की प्रतिष्ठा बनाए रखने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन से व्यक्ति अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से निभा पाता है। इसलिए कार्मिकों के साथ उनके परिवारों का योगदान भी सराहनीय है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि सम्मान उनके प्रति ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी और कर्मचारी इसी लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे। सम्मानित कार्मिक अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

सचिव राज्यपाल रविनाथ रमन ने कहा कि राज्यपाल की प्रेरणा से आयोजित परिवार मिलन समारोह सराहनीय पहल है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने प्रमुख के साथ सीधे संवाद करने तथा विचार साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से कार्मिकों को अपने दायित्वों के प्रति नई प्रेरणा मिली है।

कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, पूर्व अपर सचिव राज्यपाल एवं वर्तमान जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया, अपर सचिव रीना जोशी, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव सहित लोक भवन के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

Next Story